पाकुड़ रथ मेला में नकली नोट से खरीदारी और चैन स्नेचिंग की महिला आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़ रथ मेला में नकली नोट से खरीदारी और चैन स्नेचिंग की महिला आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के ऐतिहासिक रथ मेला मैदान में हर वर्ष की तरह इस बार भी जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर भव्य रथ मेला का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में जहां एक ओर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों की नजर भी इस भीड़-भाड़ वाले माहौल पर है। पिछले दो दिनों में मेले के दौरान दो अलग-अलग आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।शनिवार को मेले के एक बैग स्टॉल पर एक महिला ने नकली नोट देकर सामान खरीदने की कोशिश की। दुकानदार को संदेह हुआ, और उसने तुरन्त पुलिस को सूचित किया।गिरफ्तार महिला की पहचान लक्ष्मी देवी, पति गणेश राय, निवासी शिकारपुर, थाना पाकुड़िया, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। उसने पश्चिम बंगाल के जिला बीरभूम के रूपरामपुर निवासी बैग दुकानदार शेख़ अब्दुल रहमान से बैग खरीदने का प्रयास किया था।पुलिस ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए महिला को रंगे हाथ पकड़ा। पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या- 188/25, 29 जून 2025.के तहत धारा 179/180 बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। एक दिन पहले यानी 28 जून 2025 को जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मेले की भीड़ का फायदा उठाते हुए एक अन्य महिला द्वारा चैन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस की सतर्कता से महिला को पकड़ लिया गया। पकड़ी गई महिला पश्चिम बंगाल मुर्शिदाबाद जिले पांडुवा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। उसके पास से पीली धातु जैसा एक चैन बरामद किया गया है। इस संबंध में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या- 186/25, 28 जून 25, के तहत धारा 304 बीएनएस के अन्तर्गत मामला दर्ज कर महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। नगर थाना प्रभारी प्रयाग राज ने बताया कि मेला क्षेत्र में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। मेले में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला व पुरुष पुलिस बल तैनात हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरन्त सूचना पुलिस को दे। साथ ही निजी सामान और मूल्यवान वस्तुओं को भीड़ में संभाल कर रखें।पाकुड़ का रथ मेला, जहां एक ओर सांस्कृतिक और धार्मिक उल्लास का प्रतीक है। वही प्रशासन के लिए यह सुरक्षा की एक बड़ी परीक्षा भी बन गया है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई यह संदेश देती है कि कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है और अपराध करने वालों के लिए यहां कोई जगह नहीं।



