गोड्डा
महागामा के नवनिर्मित 50 बेड अस्पताल का सीएस ने किया निरीक्षण
- बेहतर विधि व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा : प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नवनिर्मित अनुमंडल स्तरीय 50 बेड वाले अस्पताल भवन का निरीक्षण मंगलवार को गोड्डा के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ० सुभाष चंद्र शर्मा ने किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० खालिद अंजुम ने पुष्पगुच्छ देकर सिविल सर्जन का स्वागत एवं सम्मान किया।
निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने पुराने प्रसाद वार्ड का निरीक्षण साथ ही अस्पताल भवन की संरचना, भवन की उपयोगिता, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, पेयजल, शौचालय, बिजली, दवा भंडारण कक्ष, जनरल वार्ड, आपातकालीन सेवा कक्ष आदि का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल को आगामी उद्घाटन से पूर्व पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया। डॉ० शर्मा ने कहा कि महागामा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में अनुमंडलीय अस्पताल की स्थापना स्वास्थ्य सेवा को मजबूती देगी।
साथ ही उन्होंने भवन की साफ-सफाई, मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता और मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस दौरान कई स्वास्थ्यकर्मी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सिविल सर्जन को अस्पताल की अब तक की तैयारियों से अवगत कराया। मौके पर डॉक्टर एकता कुमारी, बीपीएम देवेंद्र पंडित सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।




