गोड्डा
डीसी ने जेजेएम एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से संबंधित की समीक्षा बैठक
कहा - जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों की सहभागिता करें सुनिश्चित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन (जेजेएम)/स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई। वहीं बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता से अब तक की उपलब्धियों एवं कार्यान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। उपायुक्त के द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जिले के घरों में नल जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लक्ष्य और इसकी प्रगति पर चर्चा कर जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति योजनाओं के कार्यान्वयन, जल गुणवत्ता परीक्षण आदि सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें ताकि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग प्राप्त की जा सके। उन्होंने पेयजलापूर्ति योजनाओं के तहत विभिन्न कार्यों यथा- हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए जलापूर्ति योजना के तहत सभी कार्य शीघ्र पूरा करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही ग्राम स्तर पर 15वें वित्त, मनरेगा की राशि (कन्वर्जेंस) से विभिन्न संरचनाओं के निर्माण पर परिचर्चा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। मौके पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, गोड्डा कार्यपालक अभियंता संजय शर्मा, जिला समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद, संजीव रंजन, सभी कनीय अभियंता, 15वे वित्त के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।



