बाराबंकी के आईटीआई में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा
120 विद्यार्थियों को मिले टैबलेट, ऑनलाइन शिक्षा को मिलेगी मजबूती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी : ग्राम पंचायत बड़ागांव स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र नवाबगंज में मंगलवार को 120 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।
आईटीआई प्रधानाचार्य महेश चंद्र ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए की गई है। इससे छात्रों की ऑनलाइन शिक्षा सुलभ होगी और तकनीकी शिक्षा आधुनिक साधनों से समृद्ध होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट का सदुपयोग करने और अपने कौशल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि टैबलेट का उपयोग केवल करियर विकास के लिए करें, मनोरंजन के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल छात्रों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में संस्थान के कार्यदेशक संदीप श्रीवास्तव, अनुदेशक मनोज कुमार, नीरज पांडे, राम गोपाल चौधरी समेत कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने संस्थान में उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग देने और विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।



