उरई मेडिकल कॉलेज में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, रक्तदान कार्यक्रम पर रोक से नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन : उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मौका था पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन का, जिसे सपा कार्यकर्ता सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर लगाना चाहते थे।
कार्यकर्ता रक्तदान हेतु कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अनुमति न होने का हवाला देकर उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया और उन्होंने कॉलेज गेट पर “तानाशाही नहीं चलेगी”, “अखिलेश यादव जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की सूचना पहले ही कॉलेज प्रशासन को दी जा चुकी थी, इसके बावजूद अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने निर्णय का अधिकार कॉलेज प्रशासन को सौंप रखा है, फिर भी जानबूझकर रक्तदान से रोका गया, जो निंदनीय है।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब मरीजों को रक्त की आवश्यकता है, तब ऐसे आयोजन पर रोक लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बाधा पहुंचाई गई, तो विरोध और तेज होगा।


