बधाई हो बधाई, 25 साल में 10 किलोमीटर चली सरकार
Congratulations, congratulations, the government has travelled 10 kilometres in 25 years
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बोकारो। कांग्रेस पार्टी को इसके लिए बधाई। झारखण्ड में सत्ता की मलाई तो भाजपा, जे एम एम, आजसू, कांग्रेस, राजद सहित सभी पार्टियों ने खूब खाई। लेकिन 25 साल में 10 किलोमीटर चलने की प्रतियोगिता में अव्वल तो कांग्रेस ही आई। झारखंड राज्य का निर्माण ही इस आधार पर हुआ था कि यहां के निवासियों को विकास का अधिक लाभ मिलेगा। तकरीबन 25 वर्ष पूर्व निर्मित हुए इस राज्य सरकार का नेतृत्व भाजपा, झामुमो, कांग्रेस, राजद, आजसू सहित सभी पार्टियों ने किया। विकास के लंबे – चौड़े बड़े – बड़े वादे भी किए, लेकिन परिणाम यह है कि बोकारो मुख्यालय से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर बसा चास प्रखण्ड के ब्राम्हण द्वारिका पंचायत के कालिंदी टोला में आज तक न सरकार पहुंची और ना ही उसके विकास की किरण। कालिंदी टोला में न तो सड़क है और ना ही बिजली। न इंदिरा आवास, न अबुआ आवास और ना ही पीएम आवास। घर के नाम पर मिट्टी की दीवार और उसपर लगे प्लास्टिक की छत। ऐसे में चिकित्सा, शिक्षा और नल से जल के होने की तो कल्पना भी मत कीजिए। यह टोला गांधी के हरिजन ( अनुसूचित जाति) का है। जिनके बेहतर भविष्य को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस के राहुल गांधी और झारखंड के मुख्यमंत्री से बोकारो के डी एम तक बेहद चिंतित हैं। परन्तु ये सभी करे भी तो क्या, इन्हें तो पता ही नहीं कि डीसी साहेब के ऑफिस से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर बसे इस टोले में देश की आजादी के करीबन 78 वर्ष, राज्य निर्माण के करीबन 25 वर्ष और बोकारो के जिला बनने के करीबन 35 वर्ष होने के बाद भी यहां विकास के सूर्य का उदय नहीं हुआ है। बोकारो में ऐसे समस्याओं से ग्रस्त और बुनियादी सुविधाओं से दूर टोले और गांव की कमी नहीं है, कालिंदी टोला तो बस एक उदाहरण है। खैर, झारखण्ड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कल कांग्रेसी इस टोला में पहुंचे। महतो ने समस्याओं को जाना – समझा। 40 परिवार की लिस्ट बनी। डीडीसी, बोकारो शताब्दी मजूमदार को केशव ने फोन किया। समस्याएं बताई और यथाशीघ्र इसे दूर करने का निर्देश दिया। शायद अब विकास का रथ वहां पहुंचे, क्योंकि 35 वर्षों से जिला प्रशासन इसी का तो इंतजार कर रहा था कि कोई आए और उन्हें बताएं कि यह कालिंदी टोला है और यह भी बोकारो जिला प्रशासन के अंदर आता है। आपका कर्तव्य है कि यहां भी बुनियादी सुविधाएं बहाल करे। अंत में, महतो जी भी अपने नेता अर्थात झारखण्ड कांग्रेस प्रभारी के.राजू के निर्देश पर 04 जुलाई को यहां आए थे। दरअसल हाल ही में जब बोकारो कांग्रेस के एक कार्यक्रम में श्री राजू आए थे तो उन्हें कालिंदी टोला के बारे में बताया गया था। तब उन्होंने आश्वासन दिया था और अब उस आश्वासन को पूरा करने आए थे कमलेश जी। उनके आगमन पर युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देव शर्मा के नेतृत्व में तलगड़िया मोड़ पर जबरदस्त स्वागत किया गया। उनके कालिंदी टोला दौरा के दौरान जिला कांग्रेस के वरीय नेता मृत्युंजय शर्मा, उमेश गुप्ता, अजीत सिंह चौधरी, महावीर सिंह चौधरी, सुशील झा आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।



