ललितपुर

प्रशासनिक उदासीनता से वंचित आदिवासी महिलाएं

डीएम से लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले की तहसील पाली अंतर्गत ग्राम गौना ब्लॉक मड़ावरा की अनुसूचित जनजाति (आदिवासी) महिलाओं ने प्रशासनिक उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। महिलाओं का कहना है कि वर्षों से निवास करने के बावजूद उन्हें आज तक आधार कार्ड, लेबर कार्ड, राशन कार्ड, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से पूरी तरह वंचित हैं। महिलाओं ने बताया कि दस्तावेज न होने के कारण न तो उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पा रहा है और न ही आजीविका के स्थायी साधन उपलब्ध हो पा रहे हैं। इसके साथ ही ग्राम गौना में स्थित कृषि योग्य भूमि के बावजूद पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों को खेती के लिए पट्टे भी आवंटित नहीं किए गए हैं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रार्थना पत्र में आदिवासी महिलाओं ने मांग की है कि ग्राम स्तर पर विशेष शिविर लगाकर आधार कार्ड, लेबर कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज बनाए जाएं, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही ग्राम गौना में उपलब्ध कृषि योग्य भूमि का पट्टा पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों को आवंटित किया जाए, जिससे वे खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। महिलाओं ने जिलाधिकारी से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगी। ज्ञापन देते समय आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एड., चन्दरानी, शांति, कल्लो, राधारानी, मंजली बहू, बड़ी बहू, शीलरानी, शारदा, मीरा, मीना, कुंवरबाई, नत्थी, द्रोपती, प्रभा के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button