मुरादाबाद
दहेज की बलि चढ़ी नेहा, पति समेत चार ससुरालियों पर हत्या का मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में दहेज की लालसा ने एक और बेटी की जान ले ली। तीन वर्ष पूर्व शादी के बंधन में बंधी नेहा की ससुराल वालों ने कथित रूप से दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने पति सहित चार लोगों पर दहेज व हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही दहेज़ की मांग कर रहे थे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझोला क्षेत्र निवासी नेहा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। नेहा का एक दो वर्षीय बेटा भी है। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नेहा को प्रताड़ित करते थे। जब मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उन्होंने नेहा की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नेहा के परिजनों की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों के विरुद्ध दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना मझोला प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। लोगों ने दहेज जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



