अमरोहा
RO/ARO Exam: 3,438 अभ्यर्थियों ने दी और 7,434 ने छोड़ी परीक्षा,
डीएम-एसपी ने देखी केंद्रों की व्यवस्थाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा 24 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 10872 अभ्यर्थियों में से 3438 परीक्षा में शामिल हुए। सामान्य ज्ञान और तर्क शक्ति के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया जबकि हिंदी के प्रश्न आसान थे। परीक्षा के बाद टीपीनगर में जाम लग गया था।
1 24 केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न
2 डीएम-एसपी ने केंद्रों का निरीक्षण किया
3 सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने उलझाया
अमरोहा। रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद के 24 केंद्रों पर समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिसमें 10,872 अभ्यर्थियों में से 3438 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि, 7434 गैरहाजिर रहे।
डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अमित कुमार आनंद ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
24 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
सुबह आठ बजे से ही पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानों को बंद करवा दिया। इस बीच अभ्यर्थी भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए। बायोमैट्रिक प्रकि्रया से गुजरने और सघन तलाशी के बाद उनको परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। 9:30 बजे सभी केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई और 12:30 बजे संपन्न हो गई। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रत्येक अभ्यर्थी रहा। हर केंद्र पर एक-एक सेक्टर व एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, कंट्रोल रूम का भी लिया जायजा
कुल मिलाकर 24 सेक्टर व 24 स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर परीक्षा के दौरान मौजूद रहे। 1336 कक्ष निरीक्षकों परीक्षा कराई। इसमें 668 कक्ष निरीक्षक संबंधित केंद्रों के शिक्षक बने हुए थे जबकि, 668 बाहरी लगाए गए थे। परीक्षा शुरू होने से पहले ही पुलिस ने केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानों को बंद करवा दिया था। डीएम ने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा रही। सकुशल वह निपट गई। हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। कड़ी निगरानी में अभ्यर्थी रहे। प्रत्येक अभ्यर्थी पर पैनी नजर रही। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को डाकखाने के जरिए लोक सेवा आयोग को भिजवाया गया है।
टीपीनगर पर वाहनों से लगा जाम
परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्यों को रवाना हुए। उनके वाहनों की वजह से शहर में टीपीनगर चौराहे पर जाम लग गया। दूर तक वाहनों की लाइन नजर आई। नजारा देखते ही ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। जैसे तैसे वाहनों को निकलवाया। करीब आधा घंटा बाद जाम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली।
अभ्यर्थियों से बातचीत….
सामान्य ज्ञान व तर्क शक्ति के सवालों में उलझे अभ्यर्थी
अमरोहा: आरओ व एआरओ की परीक्षा में आए प्रश्नपत्र को यूं तो सभी अभ्यर्थी अच्छा बता रहे हैं लेकिन, सामान्य ज्ञान व तर्क शक्ति के सवालों ने उनको खूब उलझाया। सोच-विचार कर अभ्यर्थियों ने उनको हल किया।
प्रश्नपत्र काफी अच्छा रहा। सभी प्रश्न हल किए हैं। तार्किक सवालों ने काफी उलझन बनाई लेकिन, सोचने के बाद आसानी से हल हो गए। पूनम रानी, बिजनौर
सामान्य ज्ञान के प्रश्नों में काफी करंट अफेयर से जुड़े हुए थे। काफी दिमाग उनको हल करने के लिए लगाना पड़ा। हिंदी के सवाल आसान रहे। सबकुछ हल किया है। परिणाम भी अच्छा आना चाहिए। प्रिया शर्मा, नूरपुर
पिछली बार की परीक्षा की अपेक्षा इस बार पेपर काफी आसान था। ज्यादातर पढ़ा हुआ आया। सभी प्रश्न हल कर दिए। तर्क शक्ति के सवाल उलझा रहे थे लेकिन, हल हो गए। रिंकू शर्मा, गाजियाबाद
हिंदी के सवाल काफी आसान रहे। सामान्य ज्ञान और तर्क शक्ति के सवालों से दिमाग चकराया लेकिन, सोचने और विचारने के बाद वह भी हल कर दिए। परिणाम सही आना चाहिए। मनमोहन विष्ट, नोएडा



