नशा देकर महिला का धर्म परिवर्तन कराया, किडनी बेचने का भी प्रयास, पांच गिरफतार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के साथ धोखाधड़ी, धर्म परिवर्तन और किडनी बेचने की सनसनीखेज साजिश का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि नौकरी के बहाने आरोपी ने उसे जाल में फंसाया, नशीला पदार्थ खिलाकर निकाह कराया और फिर किडनी बेचने की कोशिश की।
पीड़िता के अनुसार, वह पति से अलग रहने के बाद रोज़गार की तलाश में किरतपुर गई थी। वहां तिसोतरा निवासी तारिक की कपड़े की दुकान पर काम करने लगी। आरोप है कि तारिक ने उसे नशे की आदत डाल दी और झांसा देकर निकाह किया। निकाह में एक मौलाना और दो गवाह भी मौजूद थे। इसके बाद वह लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। महिला ने दावा किया कि तारिक ने उसे दिल्ली और ऋषिकेश ले जाकर उसकी किडनी बेचने की कोशिश भी की। उसे बार-बार नशा देकर बेहोश किया जाता था। जब महिला को शक हुआ तो वह किसी तरह वहां से निकली और शहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तारिक पुत्र कमरुद्दीन (तिसोतरा), नदीम पुत्र रफीक अहमद, नशरीन पत्नी मोहम्मद तारिक, अयान पुत्र आज़म (अंसरियान मोहल्ला) और अमन पुत्र अब्दुल वहाब (किरतपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस निकाह कराने वाले मौलाना और गवाहों को भी आरोपी मानते हुए तलाश कर रही है। एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि महिला के बयान गंभीर हैं और जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।



