गुलदार ने चारा काटने गई महिला को बनाया निवाला, इलाके में फैली दहशत

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
बिजनौर। अफजलगढ़ क्षेत्र में जंगल में चारा लेने गई एक महिला को गुलदार ने अपना शिकार बना डाला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फ़ैल गई।कस्बे के मोहल्ला मझौली निवासी अलका देवी पत्नी सुंदर (मूल निवासी हरेवली), जो पिछले दस वर्षों से अफजलगढ़ में रह रही थीं, शनिवार की शाम को बरकत मैरिज हॉल के पीछे स्थित गजेंद्र के खेत में चारा काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। गुलदार का हमला इतना जबरदस्त था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शिकार बनाने के बाद गुलदार कुछ दूरी तक शव को घसीटते हुए ले गया, जिससे घटना की भयावहता और भी बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पाकर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की गुहार लगाई है।



