सिंगरौली
एनसीएल निगाही खदान से निकला पानी पंहुचा नंदगांव के रिहायशी इलाक़े में, रहवासी परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में एनसीएल की निगाही खदान से निकला पानी नंदगांव और नवानगर की बस्तियों में पहुंच गया। इस घटना में 40 से अधिक घरों में मालवा युक्त पानी भर गया। खदान से पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हई। लोग अपने घरों से बाल्टी और कटोरों की मदद से पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
वार्ड पार्षद श्याम कली कुशवाहा ने इस समस्या को लेकर एनसीएल को कई बार पत्र लिखा। लेकिन एनसीएल निगाही ने कोई कार्रवाई नहीं की। पानी भरने से घरों में रखी खाद्य सामग्री, फर्नीचर और दैनिक उपयोग की वस्तुएं खराब हो गईं। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पानी निकासी की व्यवस्था शुरू की।
नगर निगम आयुक्त डी के शर्मा ने कहा कि वे शहर से बाहर हैं। लौटने पर व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने अमले को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यह पहली बार नहीं है जब एनसीएल की लापरवाही से लोगों के घरों में पानी घुसा है। इससे पहले गोरबी इलाके में भी कई घरों में पानी भर चुका है।



