बरेली
अब बिजली कटौती से मिलेगी राहत,बनेगा नो ट्रिपिंग जोन, चार उपकेंद्र होंगे शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने के लिए नो ट्रिपिंग जोन बनेगा। इसमें ओवरलोडिंग से जूझ रहे शहर के सुभाषनगर, हरूनगला, शाहदाना व किला उपकेंद्र को शामिल करने की तैयारी है। जोन बनने से इन उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा अन्य काम भी होंगे। इस बार गर्मियों और मानसून की शुरुआत से ही बिजली आपूर्ति की समस्या से शहर भर की जनता परेशान रही। हाल यह रहा कि 1912 हो या हेल्प डेस्क शिकायत के दो-दो दिन बाद भी समस्या दूर नहीं हो सकी। आंकड़े बताते हैं कि लगभग 75 प्रतिशत शिकायतें ट्रिपिंग से जुड़ी दर्ज की गईं। अधिकारियों के मुताबिक, शहर के 24 उपकेंद्रों में सिविल लाइंस क्षेत्र के तीन उपकेंद्र पहले से ही नो ट्रिपिंग जोन घोषित हैं। अब शहर के चार उपकेंद्रों को शामिल करके नो ट्रिपिंग जोन बनने जा रहा है। इससे ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाएगी। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश के मुताबिक, जल्द ही इसको लेकर बैठक कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए जाएंगे।



