गोड्डा

छात्राओं से रसोई का कार्य कराने का वीडियो वायरल, एचएम से मांगा गया स्पष्टीकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा/मेहरमा : प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चंपा में छात्राओं से रसोई कार्य कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में छात्राएं मिड-डे मील (एमडीएम) की तैयारी में जुटी दिख रही हैं। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ अभिनव कुमार ने संकुल साधनसेवी नसीम कौशर के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच में छात्राओं से कार्य कराए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद बीडीओ ने प्रभारी प्रधानाध्यापक पीयूष कांति से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने विद्यालय संचालन में सुधार के निर्देश भी दिए। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार का कार्य करवाना गलत है, चाहे वह रसोई से संबंधित हो या स्कूल का अन्य कार्य हो। विद्यालय में कुल चार रसोइया कार्यरत हैं, जिनमें से दो अवकाश पर थीं। दोनों की अनुपस्थिति के कारण कुछ छात्राओं से सहायता ली जा रही थी। वहीं निरीक्षण के दौरान रसोइया भी बिना एप्रन के कार्य करती मिलीं। विद्यालय में किचन शेड नहीं होने के कारण जर्जर कमरे के बरामदे पर भोजन पकाया जाता है, जिससे किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विद्यालय में कुल 440 नामांकित छात्रों में से मंगलवार को मात्र 187 उपस्थित थे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया है कि स्कूल में छात्रों से नियमित रूप से साफ-सफाई, रसोई और अन्य कार्य करवाए जाते हैं। वर्तमान में प्रधानाध्यापक श्यामलाल मंडल प्रशिक्षण में हैं, और सहायक शिक्षक पीयूष कांति को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।प्रखंड में शिक्षा प्रसार पदाधिकारी का पद वर्षों से रिक्त है, जिससे समूचे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button