मथुरा
वृंदावन में भाजपा नेता के गेस्ट हाउस पर बिजली चोरी पकड़ी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में विद्युत विभाग के चेकिंग अभियान में बड़ा मामला सामने आया। यहां भाजपा नेता के गेस्ट हाउस में बिजली की चोरी की जा रही थी। अधिकारियों ने वृंदावन थाने में तहरीर दी है। एसडीओ संदीप वार्ष्णेय ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे 33/11 केवी उपकेंद्र रुकमणी विहार के अवर अभियंता सुनील कुमार सिंह की अगुवाई में गठित टीम चेकिंग करने पहुंची। संयोजन संख्या 9051659136 के घरेलू कनेक्शन पर मीटर को बाईपास कर इनकमिंग और आउटगोइंग केबल को सीधे जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। निगम ने मौके पर ही बाईपास कनेक्शन को हटाया, वीडियोग्राफी कराई और थाना जैत में तहरीर दी है। वहीं मामले में भाजपा नेता और पूर्व पार्षद हेमंत भारती का कहना है कि यह कार्रवाई पूर्ण रूप से बदले की भावना से की गई है। कहा पिछले कई महीनों से क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर आवाज उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर एक्सईएन कार्यालय तक, कई बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। हेमंत ने बताया कि उन्होंने 10 केवी लोड बढ़ाने के लिए 2900 रुपये ऑनलाइन जमा भी किए हैं, लेकिन आज तक लोड नहीं बढ़ाया गया है। उनका कहना है कि हाल में पागल बाबा उपकेंद्र पर उन्होंने प्रदर्शन किया था, इस कारण विद्युत निगम ने उन पर कार्रवाई की है। वह न्यायालय की शरण में जाएंगे।



