जिलाधिकारी व एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण,
शिविरों की व्यवस्थाएं परखी, कांवड़ियों से संवाद कर बांटा प्रसाद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन सतत निगरानी, सुरक्षा और सेवा प्रबंधन में जुटा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने शनिवार को कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम सरूरपुर खुर्द क्षेत्र में स्थापित कांवड़ शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने जल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, रात्रि विश्राम की सुविधा, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा प्रबंध जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो—इसके लिए सभी प्रबंध पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
इस दौरान डॉ. वी.के. सिंह और डॉ. विपिन ताडा ने शिवभक्तों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा, सुरक्षा और सहयोग की भावना से समस्त प्रशासनिक अमला सक्रिय है। सभी आवश्यक संसाधनों को तैनात किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को एक सहज, सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्राप्त हो।
अंत में जनपद प्रशासन व मेरठ पुलिस ने सभी कांवड़ियों से अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी पुलिसकर्मी या हेल्प डेस्क से संपर्क करने की अपील की।


