देश के विकास में ग्रोथ वाला राज्य बना उत्तर प्रदेश -चौधरी भूपेंद्र सिंह
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम अनुकूल न आने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले... ईवीएम में कमी नहीं, हमारी कमी..

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (उत्तर प्रदेश) – भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह मंगलवार को हापुड़ पहुंचे. यहां उन्होंने निरीक्षण भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास में ग्रोथ वाला राज्य बन गया है. एक समय में उत्तर प्रदेश को देश के विकास की यात्रा में बाधक माना जाता था, आज उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा जीडीपी वाला राज्य है. वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश के परिणाम भाजपा के अनुकूल नहीं थे, तो इसको लेकर उन्होंने अपनी कमी को स्वीकार किया. इसका ठीकरा उन्होंने ईवीएम पर नहीं फोड़ा, बल्कि अपनी कमी को मानते हुए आगामी चुनाव में जनता के बीच पूरी तैयारी के साथ जाने की बात कही.
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी 2027 के चुनाव में पूरी तैयारी के साथ जनता के बीच जाएंगे. योगी जी के 10 वर्षों का कार्यकाल और केन्द्र सरकार का 2014 से लेकर 2027 तक 13 सालों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि भाजपा की सरकारों ने सभी संकल्प और वायदों को पूरा किया है. घोषणा पत्र के सभी बिन्दुओं को भी पूरा किया गया है. धारा 370, कॉमन सिविल कोड, राम जन्मभूमि, देश को परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बनाना, घुसपैठियों को बाहर निकालना, शरणार्थियों को नागरिकता देनी, सभी संकल्पों को पूरा किया है. आज भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य राम मंदिर बना है. साथ ही राज्य में भी बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा पर सरकार ने अच्छा काम किया है. आज उत्तर प्रदेश बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है. सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वाला राज्य उत्तर प्रदेश ही है.
उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों में किस तरह से बिजली आती थी, किसान कैसे डीजल के पंपिंग सैटों से सिंचाई करते थे, आज किसानों को फ्री बिजली मिल रही है और एक लीटर डीजल खर्च नहीं करना पड़ रहा है. सड़कें, ट्रेनों की स्थिति बदली है. वंदेभारत टेªनें चलाई जा रही हैं. इन्हीं सब बातों को लेकर वह 2027 के चुनावों में जनता के बीच जाएंगे.
कांग्रेस के आरोपों पर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि लम्बे समय से कांग्रेस पराजय की स्थिति में गई हुई है, उससे वह कुंठा में है और इस प्रकार के अनावश्यक आरोप लगा रही है. अभी तक कांग्रेस कोई ऐसा सबूत चुनाव आयोग को लिखित में नहीं दे पाई है, जिससे घटनाक्रम पद्रर्शित होता हो. उन्होंने कहा कि वोट चोरी में अभी तक के इतिहास में एक व्यक्ति पकड़ में आया है. पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी का चुनाव 1971 का लोकसभा चुनाव 1975 में हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया था और वोट चोरी के जो भी आरोप पाए गए थे, वो सही पाए गए थे. हाईकोर्ट ने कहा था कि इंदिरा गांधी ने संसाधनों का दुरूपयोग करके, सरकार का दुरूपयोग करके चुनाव जीता, वोट चोरी करने वाले लोग आज कोर्ट से आरोपित नहीं, दोषी हैं, ऐसे दोषी लोग अनावश्यक टिप्पणी करके समाज में लोगों को गुमराह करना चाहते हैं, ये लोकतंत्र के जनादेश का अपमान है.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हाईड्रोजन बम वाले बयान पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह हाईड्रोजन बम फोड़कर किसका सर्वनाश करना चाहते हैं, ये वो जानते हैं. जनता कांग्रेस के चाल-चरित्र को समझती है. 2014 के बाद जितने भी चुनाव हुए हैं, उसमें कांग्रेस को जो सीटें मिली हैं, उसमें स्थानीय दलों का जो गठबंधन है, उनके कंधों पर चढ़कर मिली हैं. अकेले कांग्रेस जब चुनाव लड़ी थी, उसमें दो सीटें कांग्रेस को मिली थी.



