गम्भीर श्रेणी में पहुंचा हापुड का एयर क्वालिटी इंडेक्स..

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – दिल्ली के नजदीक एनसीआर में स्थित हापुड में दीपावली के बाद गम्भीर श्रेणी में पहुंच गया एयर क्वालिटी इंडेक्स। मंगलवार सुबह बढ़ते प्रदूषण के कारण हापुड़ में धुंध देखने को मिली । धुंध के चलते हापुड की सड़कों पर विजिबिलिटी कम देखने को मिली । हापुड़ में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच गया ।
यूपी के जनपद हापुड़ में दीपावली की आतिशबाजी के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार देर रात शहर का AQI 400 के पार दर्ज किया गया जबकि मंगलवार सुबह AQI 300 के पार देखने को मिला , जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दीपावली की रात हुई आतिशबाजी के कारण प्रदूषण का स्तर खतरनाक होता चला गया।
एनसीआर में प्रतिबंधित होने के बाद भी हापुड शहर के कोठी गेट, गढ़ रोड और दिल्ली रोड, रेलवे रोड जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक पटाखों और आतिशबाजी की गूंज सुनाई देती रही। आतिशबाजी से निकला धुआं और धूल का गुबार वातावरण में देर रात तक बना रहा । मंगलवार सुबह शहर धुंध की मोटी परत से ढका दिखा जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले जितेंद्र शर्मा सहित कई लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें कीं हैं ।




