गोड्डा
घाट मंजवारा में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन शुरु में ग्रामीणों को हुई परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सदर प्रखंड अंतर्गत घाट मंजवारा में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देना था, लेकिन शुरुआत में व्यवस्था कमजोर रही और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीण संजय कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम में फार्म जमा लेने की प्रक्रिया बेहद अव्यवस्थित थी। ना फार्म सही ढंग से जमा लिया जा रहा था और ना ही ग्रामीणों को रिसीविंग दिया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि जमा किए गए कई फार्म तो लापरवाहीपूर्वक कबाड़ में फेंक दिए गए थे। संजय यादव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, कि “लोग कितने भरोसे के साथ यहाँ आते हैं कि उनका काम होगा, लेकिन यहां तो शुरुआत में न तो लोगों की सुनवाई हो रही थी और न ही काम सही तरीके से किया जा रहा था।” उनकी आपत्ति और विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही शिविर लगाकर पेंशन आवेदन, आधार सुधार, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, जॉब कार्ड, आवास योजना सहित कई सेवाओं का कार्य शुरू किया। स्वास्थ्य जांच और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी लिए गए।अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों को सुनकर कई मामलों का निपटारा वहीं मौके पर किया। हालांकि शुरुआत अव्यवस्थित रही, लेकिन अंत तक कार्यक्रम सामान्य और बेहतर व्यवस्था के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के शिविर उपयोगी हैं, लेकिन यदि प्रशासन शुरुआत से ही व्यवस्था मजबूत रखे, तो लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।




