मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम लाने के लिए करे कड़ी मेहनत- डीसी
Work hard to achieve 100% results in Matriculation and Intermediate examinations: DC

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, एपीओ एवं बीपीओ के साथ बैठक कर आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा की तैयारी को लेकर जिले में पहले से ही एक सिस्टमेटिक कार्ययोजना के तहत काम शुरू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि “यदि प्रत्येक विद्यालय अपने विद्यार्थियों की मॉनिटरिंग अभी से सख्ती से शुरू कर दे, तो शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाना बिल्कुल संभव है। उन्होंने सभी विद्यालयों को अधिक समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई।उन्होंने कहा कि ‘परख’ बुकलेट इस वर्ष भी उपयोगी रहेगी, क्योंकि सिलेबस में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में प्रत्येक सप्ताह टेस्ट परीक्षा आयोजित की जाए। 1 से 5 नवम्बर 2025 के बीच सभी विद्यालयों में कॉमन टेस्ट कराया जाए। टेस्ट परीक्षा पूरी तरह बोर्ड पैटर्न पर हो तथा कॉपी की जांच निष्पक्ष रूप से की जाए। 15 नवम्बर तक विद्यार्थियों की प्रगति पर विशेष समीक्षा कर कमजोर एवं मेधावी दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों पर अलग-अलग रणनीति अपनाई जाए। प्रत्येक विद्यालय में एक्स्ट्रा क्लासेज चलाई जाएं ताकि पिछड़ रहे विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग मिल सके। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जहाँ विद्यालयों में भवन या कक्षा-कक्ष की समस्या है, उनकी सूची तैयार कर शीघ्र भेजी जाए। उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो चुका है और अन्य विद्यालयों में भी इसी मॉडल पर कक्षाएँ आयोजित की जायेंगी। अंत में उपायुक्त मनीष कुमार* ने सभी प्रधानाध्यापकों से कहा कि पाकुड़ जिले को राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य हम सबका सामूहिक संकल्प होना चाहिए। मेहनत, अनुशासन और सतत मॉनिटरिंग से हम निश्चित रूप से इसे हासिल कर सकते हैं।



