ललितपुर
अंतिम तिथि नजदीक, घर-घर पहुंचकर एसआईआर फार्म भरवाएं कार्मिक : एडीएम
एसआईआर में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने हेतु एडीएम ने बढ़ाया कार्मिकों का उत्साह

नपा सभागार कार्यशाला में कार्मिकों को 2003 व 2025 की कम्पाइल मतदाता सूची करायी उपलब्ध
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की अंतिम तिथि को देखते हुए एडीएम अंकुर श्रीवास्तव व एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव ने नगर पालिका परिषद सभागार में एसआईआर कार्मिकों की कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला के दौरान अभियान में लगे सभी कार्मिकों को एसआईआर के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए वर्ष 2003 एवं 2025 की कंपाइल की मतदाता सूची का वितरण किया गया व पीडीएम भी उपलब्ध कराई गई, ताकि मिलान में कोई समस्या न आए। उन्हें बताया गया कि अभियान की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है, इसलिए आज और अभी से क्षेत्र में निकलकर घर घर दस्तक दें और लोगों से फार्म भरवाएं ताकि सभी की भागीदारी से ये अभियान शत प्रतिशत सफल हो सके। कार्यशाला के दौरान कुछ बीएलओ की प्रगति उत्कृष्ट रही, जिस पर ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया और अन्य कार्मिकों की सहायता करने को कहा गया। इसके साथ ही मतदाताओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति पर विश्वास न करें, किसी भी वैद्य मतदाता का नाम नहीं कटेगा। बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराय गए गणना फार्म के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है, साथ ही वेबसाइट पर निर्वाचक पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण निर्वाचक नामावली मे अपना और संबंधित रिश्तेदारों का नाम देख सकते हैं और गणना प्रपत्र से विवरण उपलब्ध करा सकते हैं और सहायता के लिए, निर्वाचक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। यह भी बताया गया कि एसआईआर के प्रथम चरण की अंतिम तिथि 4 दिसम्बर है, बीएलओ के द्वारा सभी के घरों में गणना फार्म पहुंचाये जा रहे हैं, सभी लोग जल्द से जल्द अपना अपना फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा करा दें, यदि फार्म भरने में कोई कठिनाई आ रही है तो इसके लिए पंचायत स्तर के कर्मचारी जैसे पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, लेखपाल, बीएलओ आदि की सहायता ले सकते हैं, ये कर्मचारी आपका फार्म स्वयं भरकर आपसे वैरिफाई कराने के उपरान्त हस्ताक्षर करायेंगें और जमा कर लेंगे। अंतिम तिथि बीत जाने के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उन निर्वाचकों को नोटिस जारी करेगा जिनका गणना-प्रपत्र में दिया गया विगत विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण निर्वाचक नामावली का विवरण या तो उपलब्ध नहीं है या डेटाबेस से मेल नहीं खाता है।



