अमरोहा
अमरोहा के हसनपुर की पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्थाएं ठीक
एसडीएम-सीओ ने किया निरीक्षण, सभी मानक सही पाए गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील में शनिवार को एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी और पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने पटाखा फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। यह जांच अयोध्या में हुए विस्फोट और आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए की गई। अधिकारियों ने हसनपुर स्थित रावत फायर वर्क्स (चकौरी मार्ग) और रहरा थाना क्षेत्र की विनी निर्माण भंडारण विक्रय इकाई (भावली मार्ग) का दौरा किया। टीम ने अग्निशमन यंत्रों, बारूद रखने की उचित व्यवस्था, पानी की आपूर्ति और अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की। इसके अतिरिक्त, बारूद से संबंधित कागजातों और तैयार माल के भंडारण क्षमता की भी पड़ताल की गई। निरीक्षण के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने बताया कि दोनों स्थानों पर सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यह भी सुनिश्चित किया गया कि भंडारण क्षमता का उल्लंघन नहीं हो रहा है। प्रशासन ने सभी पटाखा फैक्ट्रियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सख्त चेतावनी दी है। निरीक्षण टीम में सीएफओ और रहरा थानाध्यक्ष भी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि रावत फायरवर्क्स के संचालक ने अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से यह निरीक्षण किया गया।




