खैरथल

हेमू कालाणी चौक से स्टेशन मार्ग बदहाल

प्रशासन जान कर भी अन्जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। शहर में हेमू कालाणी चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है। यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क का वास्तविक स्वरूप नजर नहीं आता और दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। यह मार्ग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता है, जिस पर रोजाना सैकड़ों यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है।
कुछ दिन पहले इसी खराब सड़क के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया था, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के चलते रोजाना छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी नगरपरिषद खैरथल द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नगरपरिषद खैरथल द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
नागरिकों ने नगरपरिषद से जल्द से जल्द सड़क सुधार कार्य शुरू करवाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button