गाजियाबाद
सड़क किनारे से हटे ठेले और दुकानदारों के अवैध कब्जे
अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त बड़ी कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की। लोनी तिराहा और उसके आसपास सड़क पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को पुलिस टीम ने हटवाया । यह अभियान लोनी एसीपी सिद्धार्थ गौतम और एसीपी ट्रैफिक भास्कर वर्मा के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। कार्यवाही में नगर पालिका परिषद लोनी की टीम भी मौजूद रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे लगाए गए ठेले, रेहड़ी-पटरी, और दुकानदारों द्वारा रखा गया सामान हटवाया। अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी गई कि दोबारा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
लगातार जाम से परेशान लोग
लोनी तिराहा से निकलने वाले नागरिक और वाहन चालक लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे है। शाहदरा, सीलमपुर और लोनी बार्डर की ओर जाने वाले मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। खासकर थ्री व्हीलर और ई-रिक्शा चालक तिराहे पर मनमाने तरीके से वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह अवरुद्ध होता है।
इसके अलावा फल विक्रेता और सीमेंट-सरिया दुकानदार भी सड़क पर अपना सामान रख देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
विधायक ने जताई थी नाराजगी
हाल ही में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर तिराहे पर लगा जाम खुलवाया था। उन्होंने थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा था कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं। विधायक की सख्ती के बाद ही पुलिस ने अब यह कार्यवाही की है।


