हजारीबाग

डीजे विवाद में युवक की निर्मम हत्या आठ आरोपी गिरफ्तार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हजारीबाग नए साल के जश्न के बीच हजारीबाग में डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद एक युवक की जान ले बैठा। 1 जनवरी 2026 की रात लोहसिंघना थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रपुरी चौक के समीप सूरज राणा की तलवार, लाठी-डंडा और धारदार हथियार से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि कोलघटी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ अपराधियों ने प्रतिशोध की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया। 1 जनवरी की रात करीब 10 बजे आरोपी हथियारों से लैस होकर इंद्रपुरी चौक पहुंचे और सूरज कुमार राणा पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में कुलदीप सोनी नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी काजल कुमारी ने लोहसिंघना थाना में आवेदन दिया, जिसके आधार पर एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने नई दिल्ली, भिलाई, नोएडा, चतरा, रामगढ़, रांची और बड़कागांव थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल तीन आरोपी राहुल कुमार, रोशन कुमार और दीपक कुमार को नोएडा सेक्टर-126 से गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें हजारीबाग लाया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर अन्य चार आरोपी सोनू कुमार राहुल उर्फ लोलो, अमन कुमार उर्फ रोहन और मुकेश कुमार को बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव से गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी कोलघटी से की गई। इस जघन्य हत्या के बाद हजारीबाग में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। पूरे जिले में इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही है। एक मामूली विवाद में युवक की इस तरह की निर्मम हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button