बेतुल
बैतूल पुलिस ग्राउंड में आज मप्र पुलिस महिला प्री ट्रायल चैंपियनशिप
संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर चुनी जाएगी चैंपियन, मिलेंगे नकद पुरस्कार

सुपर 50 बेटियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र से किया जाएगा सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मेरा वतन वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में आज 19 फरवरी को सुबह 7 बजे से पुलिस ग्राउंड बैतूल में मप्र पुलिस महिला वर्ग चैंपियनशिप प्री ट्रायल 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मप्र पुलिस की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी बेटियों के लिए विशेष रूप से किया जा रहा है, ताकि वे फिजिकल ट्रायल से पहले अपने प्रदर्शन को परख सकें और सुधार सकें।
प्रतियोगिता में 800 मीटर दौड़, शॉट पुट और लॉन्ग जम्प की स्पर्धाएं होंगी। इन तीनों इवेंट्स में संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर चैंपियन का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये और चैंपियन ट्रॉफी, द्वितीय स्थान को 1100 रुपये और ट्रॉफी, तृतीय स्थान को 701 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चौथे से दसवें स्थान तक 500, 400, 300, 300, 300, 300 और 300 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
सुपर 50 बेटियों में प्रथम से दसवें स्थान तक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र तथा 11 से 50 स्थान तक मेडल और स्कोर सहित प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा और इसमें मप्र पुलिस फिजिकल जैसा वास्तविक माहौल तैयार किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
आयोजन में फौजी अशोक रघुवंशी, निःशुल्क फिजिकल क्लब आरडीए और आर ए स्पोर्ट्स बैतूल की प्रमुख भूमिका रहेगी। सहयोगी संस्थाओं में महेश सोनी पूर्व सैनिक निःशुल्क फिजिकल क्लब, कमांडो फिजिकल अकादमी और बैतूल फिजिकल अकादमी शामिल हैं। आयोजकों ने सभी पात्र बेटियों से समय पर पहुंचकर अपने सपनों की वर्दी की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।



