
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित नवजीवन विहार कॉलोनी में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। बीते दिन हुई इस घटना में चार से पांच अज्ञात युवक बोलेरो वाहन से पहुंचे थे। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। घटना का 42 सेकंड का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में हमलावर युवक को सड़क किनारे घेरकर पीटते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद विंध्यनगर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन का नंबर भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर वारदात के बाद भी पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस मारपीट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग भी उठने लगी है। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।



