जयपुर
बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड पर हमला कर लूटी नकदी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। दिल्ली-अजमेर हाईवे स्थित बीलपुर पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड समेत कर्मचारियों पर हमला कर दिया और कैश समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चंदवाजी थाना पुलिस के मुताबिक यह घटना रात करीब 2:45 बजे हुई। इससे पहले तीन युवक रात 1:30 बजे के आसपास पेट्रोल पंप पर आए थे और डीजल भरवाया। कर्मचारियों ने उन्हें पहचान लिया क्योंकि 15-20 दिन पहले भी यह गैंग बिना भुगतान किए भाग चुका था। पहचान के बाद कहासुनी हुई और युवक धमकी देकर लौट गए।
इसके करीब एक घंटे बाद वही युवक चार-पांच साथियों के साथ हाथों में लाठी-डंडे लेकर लौटे और पेट्रोल पंप पर टूट पड़े। सिक्योरिटी गार्ड बाबूलाल ने रोकने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य कर्मचारियों को भी दौड़ाकर पीटा गया। इसके बाद हमलावर कैश और जरूरी सामान लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पेट्रोल पंप कर्मचारी कैलाश यादव ने चंदवाजी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। चंदवाजी थाने के एसएचओ हीरालाल सैनी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


