बंद खदान में मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप
Dead body of a youth found in a closed mine, panic spread in the area

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल स्थित वर्षों से बंद पड़े एक खदान में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी कान्हु किस्कू (पिता होपना किस्कू, सोनाजोरी ) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान में शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक शहरकोल खेल मैदान में मैच देखने गया था, जिसके बाद से वह लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और शव मिलने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



