ललितपुर

भोपाल लौटी मिसेज इण्डिया एशिया की फस्र्ट रनर-अप डा.श्वेता मिश्रा

वेलनेस को जीवनशैली बनाने का संकल्प

कहा, मेरी जीत सौंदर्य की नहीं, आत्मविश्वास और संतुलन की है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

ललितपुर। मिसेज इंडिया एशिया 2025 की फस्र्ट रनर अप डा.श्वेता मिश्रा अपने गृह नगर भोपाल लौटीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली डा. श्वेता ने मीडिया से बातचीत में अपने अनुभव, तैयारी के कठिन सफर और आने वाले समय की योजनाओं को साझा किया। डा. श्वेता ने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए आत्म-अनुशासन और आत्म-खोज की यात्रा रहा। मंच पर मिलने वाली मुस्कान के पीछे महीनों की तैयारी, कड़ी मेहनत और मानसिक मजबूती थी। मैंने फिटनेस, योग, माइंडफुलनेस और कम्युनिकेशन—हर क्षेत्र में खुद को नए सिरे से तैयार किया। इस दौरान मैंने सीखा कि असली सफलता वही है, जो आत्म-विश्वास से चमकती है। फाइनेन्स विषय में डॉक्टरेट कर चुकी डा. श्वेता मिश्रा ने पिछले एक दशक तक जर्मनी में अपने पति के साथ रहते हुए भारतीय योग और आयुर्वेद की समझ को गहराई से अध्ययन किया। वह अब भारत में रह रही हैं उन्होंने कहा कि उनका वैश्विक अनुभव उन्हें वेलनेस के अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य से जोड़े रखता है। डा.श्वेता ने कहा कि अब उनका लक्ष्य वेलनेस को जीवनशैली बनाना है। उन्होंने अपने उद्यम के बारे में बताया कि वे इसके माध्यम से योग, माइंडफुल ईटिंग, डीटॉक्स, स्किन रिजुविनेशन और मेंटल हेल्थ के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। इस पहल के माध्यम से वे मध्य प्रदेश में समुदाय आधारित वेलनेस एजुकेशन शुरू करने की भी योजना बना रही हैं। मध्य प्रदेश में प्रकृति, संस्कृति और शांति का अद्भुत मेल है। अगर हम यहाँ वेलनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाएँ, तो यह प्रदेश भारत की वेलनेस राजधानी बन सकता है। डा.श्वेता ने बताया कि वे राज्य के पर्यटन और आयुष विभागों के साथ मिलकर योग एवं प्रकृति आधारित वेलनेस सर्किट्स विकसित करने की संभावनाओं पर विचार कर रही हैं। उनका मानना है कि ऐसी पहलों से स्वास्थ्य के साथ स्थानीय रोजगार को भी नया आधार मिलेगा। भोपाल को साझा करते हुए डॉ. श्वेता ने कहा कि भोपाल मेरे जीवन का आरंभ है और अब यहां से मैं एक नए मिशन की शुरुआत कर रही हूँ। मेरी इच्छा है कि इस शहर की हर महिला और हर युवा अपने भीतर की ऊर्जा को पहचाने और सेहत, संतुलन और खुशी को अपना लक्ष्य बनाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button