सिंगरौली
नवागत कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण
कार्यालयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, समय-सीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना ने 3 नवंबर को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन, स्थापना, ट्रेजरी, लेखा और आवक-जावक शाखा सहित विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित शाखाओं में संधारित अभिलेखों और दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति और कार्यालयीन गतिविधियों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
कलेक्टर अस्थाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन कार्यों का समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें और सभी अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करें। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी उपस्थित रहे।



