अमरोहा
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने थाना अमरोहा देहात का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद ने थाना अमरोहा देहात का भ्रमण कर थाना परिसर में आवासीय बैरक के मरम्मत कार्य तथा थाने पर बने मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता, सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति एवं निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया।उन्होंने उपस्थित अभियंता एवं निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराया जाए ताकि पुलिस कर्मियों को शीघ्र ही बेहतर आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में स्थापित “मिशन शक्ति केन्द्र” का भी निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क के संचालन, शिकायतों के निस्तारण की स्थिति तथा रिकॉर्ड संधारण प्रणाली की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता, त्वरित कार्यवाही एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देशित किया कि थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं जनसंपर्क व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया जाए जिससे जनता का विश्वास और अधिक सशक्त हो।




