अमरोहा
अमरोहा में कानूनगो ने 50 हजार रुपए रिश्वत लिए
पीड़ित बोला-पैसे लेकर नहीं कर रहे चकबंदी, डीएम से की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में चकबंदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। अगरौला कला गांव के किसान बाबू पुत्र निजामुद्दीन ने जिलाधिकारी को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि मथाना गांव में उनकी कृषि भूमि की चकबंदी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। लेकिन अभी तक चक पैमाइश नहीं की गई है। बाबू का आरोप है कि क्षेत्रीय चकबंदी कानूनगो ने उनसे चक पैमाइश के नाम पर पैसे लिए हैं। किसान के अनुसार, कानूनगो ने फोन पे के माध्यम से 20 हजार रुपए और नगद 30 हजार रुपए, कुल 50 हजार रुपए वसूले हैं। बाबू के पास फोन पे से भेजे गए पैसों का स्क्रीनशॉट भी मौजूद है। शिकायत में बताया गया है कि छह महीने बीत जाने के बाद भी उनकी गाटा संख्या 149 और 150 पर बने चकों की पैमाइश नहीं हुई है। इसके लिए उन्हें लगातार कानूनगो के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पीड़ित किसान ने जिलाधिकारी से तीन मांगें की हैं। पहली, चकबंदी कानूनगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। दूसरी, उनकी जमीन की तत्काल पैमाइश कराई जाए। तीसरी, उनसे लिए गए पैसे वापस दिलाए जाएं।



