झारखंड बंद को लेकर प्रशासन सतर्क, कर्माटांड़ के चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी
Administration on high alert regarding Jharkhand bandh, strict vigil on the intersections of Karmatand

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
कर्माटांड़ झारखंड में कुर्मी समाज के आह्वान पर प्रस्तावित एक दिवसीय झारखंड बंदी को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। बंद के मद्देनज़र शनिवार को अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, रेलवे प्रशासन एवं कर्माटांड़ थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सबसे पहले कर्माटांड़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन भी मुस्तैद रहा। इसी क्रम में पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने कर्माटांड़ बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। साथ ही गणपत महतो चौक, सुभाष चौक, सकलपुर मोड़, मोहनपुर मोड़, ईदगाह मोड़ समेत दर्जनों प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। बंद के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अफवाह फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों व बाजारवासियों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। प्रशासन ने साफ किया है कि बंदी के नाम पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंचल अधिकारी ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, पुलिस ने गश्त बढ़ाते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बंदी को लेकर प्रशासन की इस सक्रियता से आमजन को भी राहत मिली है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र वे निश्चिंत होकर दैनिक गतिविधियों में शामिल हो पा रहे हैं। कुल मिलाकर, झारखंड बंद के दौरान कर्माटांड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की सख्त निगरानी से शांति-व्यवस्था बनी रही।


