शामली
ठगी का शिकार युवक को पुलिस ने दिलाई पूरी रकम वापसी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के बिजली घर रोड निवासी एक युवक के खाते से अज्ञात ठग द्वारा ऑनलाइन ठगी कर हजारों रुपये की नकदी निकाल ली गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम की मदद से पूरी धनराशि वापस करा दी।कस्बे के बिजली घर रोड निवासी आरिफ पुत्र शौकत ने 6 जनवरी को थाना कांधला पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसका खाता एक्सिस बैंक में है और अज्ञात ठग ने उसके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए 36,999 रुपये की रकम डेबिट कर ली। ठगी की जानकारी होते ही पीड़ित ने थाने पर संचालित साइबर सेवा केंद्र पर शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल साइबर क्राइम सेल को सूचित किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शुक्रवार को पीड़ित के खाते से डेबिट की गई पूरी धनराशि शत-प्रतिशत वापस करा दी गई।थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अज्ञात ठग द्वारा ऑनलाइन माध्यम से पीड़ित के खाते से रकम निकाली गई थी। साइबर क्राइम टीम की प्रभावी कार्रवाई के चलते पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि वापस दिला दी गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के प्रति सतर्क रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर सेवा केंद्र या थाने पर शिकायत दर्ज कराएं।


