मथुरा

मथुरा लाल दरबाजा के तेलीपाड़ा में सर्राफा कारोबारी की हत्या से फैली सनसनी 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा।  गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल दरवाजा स्थित तेलीपाड़ा मोहल्ले में रविवार सुबह सर्राफा कारोबारी की हत्या से सनसनी फैल गई। चांदी कारोबारी का खून से लथपथ शव उनके बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतीश चंद्र गर्ग के रूप में हुई है जो चांदी खरीदकर उसे पिघलाकर बेचने का कार्य करते थे। उनका तीन मंजिला मकान है, जिसमें ऊपर और नीचे किरायेदार रहते हैं जबकि बीच की मंजिल पर वह स्वयं अकेले रहते थे। रविवार सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो किरायेदारों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी एवं गोविंद नगर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो सतीश चंद्र गर्ग का शव खून से लथपथ अवस्था में बेड पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोते समय उनकी कनपटी में गोली मारी गई जो आर-पार हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं जिससे मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं कमरे में रखी अलमारी खुली होने के कारण लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए, साथ ही डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। मृतक की पत्नी रजनी गर्ग का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात में मृतक का कोई परिचित शामिल हो सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button