गोड्डा
जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की हुई बैठक
जिले के संबंधित अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किए जाए बेहतर सुधार- डीसी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय भवन का रंगरोगन, मरम्मती तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारदीवारी निर्माण कार्य कराने, सभी स्थायी, संविदा /अनुबंध कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने, जिला स्तरीय गठित स्वास्थ्य दल को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केन्द्रों, उपकेंद्रों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने, स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर मे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने,स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित 62 आयुष्मान आरोग्य मंदिर मे सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारदीवारी का निर्माण करने, आयुष्मान आरोग्य मंदिर मे पदस्थापित कर्मियों यथा:- सी०एच०ओ०, ए०एन०एम० तथा एम० पी० डब्लू० की बायोमैट्रिक के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने तथा समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बोआरीजोर मे संचालित कुपोषण उपचार केन्द्र के छत रिपेरिंग कराने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
वहीं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से ईलाज कराने वाले मरीजों के सुविधा हेतु सदर अस्पताल में आयुष्मान कार्ड बनाने में आ रही असुविधाओं का निराकरण करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ताकि अस्पताल में आए मरीज का इलाज मुफ्त में किया जा सके। बैठक के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के द्वारा सदर अस्पताल, गोड्डा में बेहतर इलाज हेतु ध्यान आकृष्ट कराया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सेवा की गुणवत्ता में सुधार लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। आगे उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा सजग व संवेदनशील होकर कार्य किए जाएं। मौके पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, सिविल सर्जन डॉ० एससी शर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार, सदर अस्पताल उपाधीक्षक, सहित प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम, डीपीसी, अस्पताल मैनेजर एवं कार्यालय कर्मीगण मौजूद रहे।



