खेलबोकारो

पिलपिलो स्टेडियम में पुलिस–पब्लिक मैत्री सदभावना तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। बोकारो पुलिस एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ऊपरघाट कंजकिरो पंचायत स्थित तारकेश्वर महतो फुटबॉल मैदान, पिलपिलो में बुधवार को तीन दिवसीय पुलिस–पब्लिक मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन नावाडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार हेंब्रम, पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, समाजसेवी जयनारायण महतो तथा आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उद्घाटन से पूर्व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नावाडीह की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार हेंब्रम ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि पुलिस–पब्लिक मैत्री कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनाना है। खेलकूद के माध्यम से आपसी संवाद और समझ को बढ़ावा मिलता है, जिससे समाज में शांति एवं सौहार्द कायम रहता है।

समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को नशामुक्ति, अपराध से दूरी और खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच सहरिया बनाम पिलपिलो के बीच खेला गया, जिसमें सहरिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से जीत दर्ज की, दूसरा मैच गोड़गड़वा बनाम कंचनपुर के बीच किया गया जिसमें गोड़गड़वा की टीम 1-0 से जीत दर्ज की । प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला 12 फरवरी को एवं फाइनल मैच 13 फरवरी को खेला जाएगा। अंतिम दिन लड़कियों का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। विजेता टीम को झारखंड की पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक श्रीमती तदाशा मिश्रा तथा अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी टीमों को जर्सी एवं फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बोकारो सर्जेंट शिव कुमार, पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सुबोध मंडल, कोलेश्वर कुमार, शुभम कुमार, निर्णायक जगदीश महतो, गंगा सोरेन, बासुदेव महतो, रमेश महतो, प्रेम कुमार, चंदन शर्मा, मनोज कुमार, अभय कुमार, राजेश कुमार महतो, आकाश कुमार महतो, गणेश कुमार महतो, बलराम कुमार, चंदवा मुर्मू, मदन महतो सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल का आनंद लेने मैदान में पहुंच रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button