खैरथल
महिलाओं ने मांगा सदा सुहागिन रहने का आशीर्वाद, की पूजा-अर्चना
पुष्करणा समाज ने बैंडबाजों के साथ निकाली गणगौर की सवारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : गणगौर उत्सव के समापन पर खैरथल में पुष्करणा ब्राह्मण समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। जो शहर के पुष्करणा ब्राह्मण राधा-कृष्ण मंदिर से होते हुए अंबेडकर चौक, अंडरपास, 40 फुटा रोड, शनि मंदिर, मुख्य मार्किट से लक्ष्मी नारायण मंदिर होते हुए प्रमुख मार्गो से होकर राधा-कृष्ण मंदिर के चौक पर पहुंची। जहां पीपल के वृक्ष पर गणगौर माता को विसर्जित करने के साथ ही 13 दिवसीय गणगौर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पुष्करणा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ध्रुव उपाध्याय ने बताया कि शहर में सबसे बड़ा गणगौर उत्सव मनाया जाता है। इसके तहत शोभायात्रा निकाली जाती है!गत रात्रि को जिस तरह परिवार में एक लड़की की शादी होती है ठीक वैसे ही सभी कार्य सम्पन्न करवाए गए।
पुष्करणा ब्राह्मण समाज के द्वारा रीति-रिवाज के अनुसार समाज का एक घर प्रतिवर्ष चिन्हित किया जाता है। उसी घर में सभी मांगलिक कार्य संपन्न किए जाते हैं। गणगौर माता की बारात भी आती है, बारातियों को भोजन भी कराया जाता है। इस बार इसर जी की बारात दादाणी परिवार की और से लाई गई!पूर्ण रस्मों के साथ ईसर व गणगौर का विवाह सम्पन्न कराया गया । इस वर्ष शहर की पुरानी आबादी वार्ड 10 खैरथल निवासी मंजूलता पत्नी अर्जुन आचार्य के घर में पूर्ण रीति-रिवाज के अनुसार कार्यक्रम संपन्न हुआ। गत रात्रि को फेरे संपन्न हुए। मंगल गीत गाए गए प्रातः बेला में विदाई की रस्म हुई। दूसरे दिन रविवार को पुष्करणा ब्राह्मण समाज की महिलाओं व पुरुषों के द्वारा घर से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जो विभिन्न मार्गो से होकर राधा-कृष्ण मंदिर के चौक पर पहुंची। जहां गणगौर माता को विसर्जित किया गया। कार्यक्रम में डॉ.ओमप्रकाश मांधू, नारायण छंगानी,दीपक मांधू,पवन आचार्य,मयंक दुलानी, श्रीकांत आचार्य,गिरीश आचार्य,दिव्या आचार्य,खुशबु, सहित जय बाबा रामदेव कमेटी के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


