कसमार प्रखंड अंतर्गत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी द्वारा बाल श्रम उन्मूलन हेतु विशेष अभियान चलाया गया।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बोकारो। इस अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न होटल, ढाबा एवं दुकानों में सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में कार्यरत बच्चों की पहचान करने, बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के पालन की जांच करने तथा संचालकों को बाल श्रम के प्रति जागरूक करने का कार्य किया गया। साथ ही, सभी होटल एवं ढाबा संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कार्य पर न रखें एवं 14 से 18 वर्ष के किशोरों को खतरनाक कार्यों में नियोजित न करें। अभियान के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में आवश्यक सूचनात्मक पोस्टर/बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाए गए वहाँ पोस्टर दिया गया,जिस पर संबंधित संचालकों को चेतावनी दी गई एवं शीघ्र सुधार हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, बाल श्रम से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम होता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित कार्यालय को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



