हजारीबाग
तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई महिला मौके पर दर्दनाक मौत।
मुआवजे की मांग को लेकर 5 घंटे सड़क जाम, प्रशासन के आश्वासन पर हटाया गया शव।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग चरही घाटो मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चरही थाना क्षेत्र के तैइस नंबर के समीप सेलरी कोयला लोड ट्रक (संख्या जे.एच. 01 बी.एफ. 5447) ने सड़क पार कर रही एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान बिंदली देवी (55 वर्ष), पति नारायण पासवान निवासी तापिन हनुमान मंदिर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि महिला चरही से इलाज कर वापस टेंपो से उतरकर अपने घर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चरही-घाटो मार्ग को जाम कर दिया और शव उठाने से इनकार कर दिया। सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मांडू अंचल के सीआई सुभाष कुमार, तापिन मुखिया तनुजा सिंह, प्रतिनिधि बिनोद सिंह, जिप सदस्य भोला तुरी बहेरा मुखिया देवकी महतो समाज सेवी बिनोद किस्कु सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से मृतका के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता दी गई। साथ ही लिखित आश्वासन दिया गया कि हिट एंड रन मामले में एक लाख रुपए, प्रधानमंत्री या आबुआ आवास योजना के तहत एक आवास तथा भविष्य में आउटसोर्सिंग कंपनी में आश्रित को रोजगार दिलाने की पहल की जाएगी।करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद परिजन शव उठाने को तैयार हुए, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया है तथा ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के समीप सड़क पर बने गड्ढे के कारण घाटो की ओर से आने वाले वाहन अक्सर दाहिनी ओर मुड़ जाते हैं। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




