गोड्डा
आयुष्मान भारत पीसी – पीएनडीटी क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट से संबंधित बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिला शिकायत निवारण समिति (DGRC), पीसी-पीएनडीटी अधिनियम अंतर्गत जिला सलाहकार समिति तथा क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट से संबंधित बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभुकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, गोल्डन कार्ड निर्माण, अस्पतालों में उपचार की स्थिति एवं प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत आयोजित बैठक में लिंग चयन पर प्रतिबंध से संबंधित प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया। क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट से संबंधित बैठक में जिले के सभी निजी एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के पंजीकरण, मानकों के अनुपालन एवं सेवा गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बिना निबंधन संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सभी संस्थानों में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि आमजनों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें। बैठक में डीसी अंजली यादव, सिविल सर्जन, संबंधित पदाधिकारी, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभारी, निजी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।



