गोरखपुर
मां का साया उठना जीवन की सबसे बड़ी क्षति
भाजपा महानगर कार्यालय में शोकसभा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताश्री को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताश्री स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के निधन से भाजपा परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन पर शनिवार को भाजपा गोरखपुर महानगर कार्यालय, बेनीगंज में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शोकसभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि मां का स्थान किसी भी व्यक्ति के जीवन में सर्वोपरि होता है। मां केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि संस्कार, त्याग, ममता, स्नेह और धैर्य के माध्यम से जीवन को सही दिशा देने वाली प्रथम गुरु होती हैं। मां का स्नेह और आशीर्वाद संतान के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर है। पूज्य माताश्री का निधन अत्यंत दुःखद और अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक जीवन में सदैव अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है। ऐसे कठिन पारिवारिक दुःख की घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संवेदना और आत्मीयता के साथ उनके परिवार के साथ खड़ा है। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि पूज्य महाराज जी और उनके परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
शोकसभा में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि मां का स्नेह, त्याग, तपस्या और आशीर्वाद संतान के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उनके निधन से परिवार को हुई क्षति अपूरणीय है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इनकी रही उपस्थिति: महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महानगर विस्तारक गगन कश्यप, अच्युतानंद शाही, मनोज अग्रहरि, समरेन्दु सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश शर्मा, पवन यादव, अमृतलाल भारती, मनीष, श्वेता श्रीवास्तव, निखिल मोटानी, सिद्धांतो घोष, आनंद अग्रहरि, विक्की कुकरेजा, पीयूष मिश्रा, किसान मोर्चा महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सैनी, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष प्रीति शाही, पार्षद मनोज निषाद, पिंटू गौड़, युवा मोर्चा से आकाश श्रीवास्तव एवं शशांक द्विवेदी, मीडिया प्रभारी राहुल साहनी, किशन गुप्ता, दिव्य प्रताप सिंह सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



