नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कोतवाली क्षेत्र में बहन के अंतिम संस्कार से लौट रहे एक युवक के साथ रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी हैं।
ग्राम मलकपुर निवासी धौला पुत्र उमरदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 24 मार्च को पानीपत से अपनी बहन की मौत के बाद घर लौट रहा था। जैसे ही वह कस्बा कैराना के मोहल्ला खैल में स्थित चांद मस्जिद के पास पहुंचा, तो वहां पहले से नौशाद पुत्र अजीज निवासी ग्राम मलकपुर तथा सरफराज, सोहेल और शाहरुख पुत्र हारून निवासीगण मोहल्ला खैल ने उसे घेर लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस घटना की शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट की घटना के बाद युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर वहां से निकला और सीधे कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

