
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड पर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे खुले नाले में गिरे युवक का शव 30 घंटे बाद तलाश लिया गया। मृतक युवक का नाम तौहीद था, जो जिला हरदोई का निवासी निकला। थाना प्रभारी धनंजय पांडे के मुताबिक तौहीद पुत्र रईस हरदोई के मोहल्ला शाहाबाद देहात का निवासी था। वह मंगलवार रात सेटेलाइट स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। पता चला कि वह रुद्रपुर की जैन कंपनी में ड्राइवर था। पानी के तेज बहाव की वजह से उसका शव नाले में काफी दूर बह गया था। चूंकि उसे लोगों ने गिरते हुए देखा था और इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद था। इसलिए कई जेसीबी और कर्मचारी लगाकर लगातार अभियान चलाया गया। इसके बाद सफलता मिल गई। सूचना पर तौहीद के परिजन भी बरेली पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार चाहेगा तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



