जालौन
रात के अंधेरे में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, डीजल-पेट्रोल की किल्लत की आशंका से ग्रामीणों में हड़कंप
लोग जरूरत से अधिक ईधन खरीदकर भंडारण करने में जुटे

क्षेत्र के दर्जन भर पेट्रोल पंपों पर देर रात्रि तक डटे रहे लोग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुरा (जालौन)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव का असर अब ग्रामीण इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। डीजल और पेट्रोल की संभावित कमी की आशंका के चलते क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर देर रात तक ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीदकर उसका भंडारण करने में जुटे हुए हैं।
हालांकि शासन और प्रशासन द्वारा लगातार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन मालिक भविष्य की आशंका को देखते हुए अधिक से अधिक ईंधन खरीदने की होड़ में लगे हैं। स्थिति यह है कि जहां पहले पेट्रोल पंपों पर प्रतिदिन लगभग 2 से 3 हजार लीटर ईंधन की बिक्री होती थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 10 से 15 हजार लीटर तक पहुंच गया है। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पंपों के टैंक खाली होने की स्थिति में आ गए। गुरुवार को रामपुरा नगर के तीन, जगम्मनपुर के दो, टीहर, मानपुरा और ऊमरी सहित बहादुरपुर व बावूपुरा क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन समाप्त होने जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पंप संचालकों को निर्धारित मात्रा से अधिक बिक्री पर रोक लगानी पड़ी। देर शाम जैसे ही डीजल-पेट्रोल से भरे टैंकर आने की सूचना फैली, ग्रामीण 20 से 220 लीटर तक के ड्रम, कैन और अन्य पात्र लेकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि पंप संचालकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि ईंधन केवल वाहनों में ही सीमित मात्रा में दिया जाएगा और ड्रम या कैन में नहीं, लेकिन इसके बाबजूद कुछ लोग जुगाड़ लगाकर अतिरिक्त ईंधन लेने का प्रयास करते नजर आए। पंपों पर मौजूद राघवेंद्र सिंह, महेंद्र पाल, संजय निषाद, विद्याराम दोहरे और सत्य प्रकाश शर्मा आदि ने बताया कि वह अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीद रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए भविष्य में कमी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
इनसेट—-
प्रशासन की अपील
उप जिलाधिकारी माधौगढ़ राकेश कुमार सोनी, रामपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि सभी को पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध हो सके।


