ललितपुर
मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर साइबर ठगी
6.54 लाख ठगा, तीन मोबाइल नंबरों से फोन कर मैच्योरिटी का झांसा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर नई बस्ती निवासी शिव मोहन रिछारिया की पत्नी अंजली रिछारिया के नाम से मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी के बहाने साइबर फ्रॉड ने 6,54,000 की ठगी कर ली। फ्रॉडस्टर्स ने मैच्योरिटी अमाउंट दिलाने का झांसा देकर पहले 74,000 फिर 5,80,000 की रकम फोन-पे से मंगवाई। बताया गया है कि 12 मार्च 2026 को मोबाइल नंबर से फोन आया। फ्रॉडस्टर्स ने बताया कि पॉलिसी मैच्योर हो गई है। मैच्योरिटी राशि 5,50,664 निकालने के लिए पहले 74,000 जमा कराओ। शिव मोहन ने अपने बैंक खाते से उसके खाते में फोन-पे से रकम ट्रांसफर कर दी। तीन दिन बाद उसी नंबर और एक अन्य नम्बर से फिर फोन आया। अब पेंशन प्लान का बहाना बनाकर 5,80,000 मांगे और बताया कि आपको 28,80,000 मैच्योरिटी मिलेगी। शिव मोहन ने 17 से 23 मार्च तक अलग-अलग दिन पीएनबी और एसबीआई खातों से कुल 5,80,000 उसी बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में जमा करा दिए। 25 मार्च को फिर नंबर से फोन आया और फिर रकम मांगी। तब जाकर पीडि़त को शक हुआ और उन्होंने साइबर प्रभारी के पास लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर उक्त के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।



