ललितपुर
ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, किसानों ने कर्ज माफी व मुआवजे की उठाई मांग
प्रशासन से सर्वे कराकर राहत दिलाने की अपील, ज्ञापन सौंपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। कई क्षेत्रों में 80 प्रतिशत तक नुकसान होने की बात सामने आ रही है, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसको लेकर प्रभावित किसानों ने प्रशासन से कर्ज माफी एवं उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई है। किसानों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि जिन किसानों की फसलें ओलावृष्टि से पूरी तरह या अत्यधिक क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनके संपूर्ण कर्ज को माफ किया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को भरण-पोषण एवं राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने मांग की है कि तत्काल लेखपाल, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा गांव-गांव जाकर सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आंकलन कर शीघ्र मुआवजा वितरित किया जा सके। ज्ञापन में प्रशासन से जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने की अपील की गई है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली तो उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है। ज्ञापन देते समय एड. हरदयाल सिंह लोधी, कैलाश नारायण, जानकी प्रसाद बौद्ध, देवसिंह राजपूत, शशिकान्त लोधी, गजराज, प्रभुदयाल, कैलाश, सुन्दरलाल, अजय सिंह, मंगल, परशुराम, प्रेम, सिरनाम, राघवेन्द्र, रानू विदुआ, अनुराग सिंह के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।



