ललितपुर
संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की द्वितीय अंतरविभागीय बैठक संपन्न
सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए समन्वित कार्रवाई पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के प्रथम चरण को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान की अध्यक्षता में द्वितीय अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत सीएमओ के प्रस्तावना संबोधन से हुई, जिसमें बताया गया कि वर्ष 2026 के इस प्रथम चक्र में सभी विभागों के समन्वय से संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक गतिविधियां संचालित की जाएंगी तथा जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी अनिल क्रिस्टोफर मैसी ने जानकारी दी कि सभी विभागों के माइक्रोप्लान तैयार कर लिए गए हैं और संबंधित विभागों को तिथिवार व क्षेत्रवार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर एंटी-लार्वा दवा उपलब्ध करा दी गई है तथा हाईरिस्क क्षेत्रों की सूची भी विभागों को सौंप दी गई है, जहां लार्वासाइड छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई एवं जलभराव निस्तारण जैसे कार्य किए जाएंगे। पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डा. सौरभ सक्सेना ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए हीट वेव से बचाव के उपाय बताए और बताया कि संभावित रोगियों का डेटा आशा कार्यकर्ताओं द्वारा ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिए कि पिछले अभियानों में पाई गई कमियों को दूर करते हुए इस बार सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें। उन्होंने नगर क्षेत्रों में नगर विकास विभाग तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग को वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, नगर विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, माध्यमिक शिक्षा विभाग सहित जनपद के समस्त चिकित्सा अधीक्षक, मलेरिया अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



