कैराना
गैंगस्टर एक्ट में वांछित 10-10 हज़ार के तीन इनामी बदमाश दबोचे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कैराना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस काफी समय से उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेश पर चलाए जा रहे वांछित, वारंटी व गैंगस्टर अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में थाना कैराना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में साबू कुरैशी उर्फ साबूद्दीन पुत्र कालू कुरैशी निवासी मोहल्ला रेत्तेवाला, मेहरबान पुत्र शब्बीरा उर्फ मुखिया कुरैशी निवासी मोहल्ला आलकलां तथा शाहिद कुरैशी पुत्र बसीर कुरैशी निवासी मोहल्ला सुंदर नगर, कैराना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे थे और प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद थाना कैराना पर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
